दून विश्वविद्यालय के दीक्षारंभ कार्यक्रम 'युवा संवाद' में मुख्यमंत्री ने किया प्रतिभाग - TOURIST SANDESH

Breaking

गुरुवार, 13 अगस्त 2026

दून विश्वविद्यालय के दीक्षारंभ कार्यक्रम 'युवा संवाद' में मुख्यमंत्री ने किया प्रतिभाग

 दून विश्वविद्यालय के दीक्षारंभ कार्यक्रम 'युवा संवाद' में मुख्यमंत्री ने किया प्रतिभाग 

राज्य में विकास का ऐसा माॅडल तैयार होगा जिसमें इकोनॉमी तथा इकोलॉजी में सामंजस्य बना रहे - मुख्यमंत्री 

भविष्य में होने वाले बदलावों के लिए तैयार रहें छात्र - मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय कम्यूनिटी रेडियो स्टेशन तथा दो नये भवनों का किया उद्घाटन



देहरादून। दून विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की  उपस्थिति में आज दीक्षारंभ कार्यक्रम 'युवा संवाद' का आयोजन किया गया। साथ ही  मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की केंद्रीय लाईब्रेरी व स्कूल आॅफ बायलोजिकल साईंसेज के नवनिर्मित भवनों के साथ ही 'दून विश्वविद्यालय कम्यूनिटी रेडियो 88.4 एफ एम का उद्घाटन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि, केंद्रीय लाईब्रेरी जन-जन के प्रेरणापुंज, भारत रत्न बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर के नाम से जाना जायेगी। 

कार्यक्रम की शुरुआत माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विश्विद्यालय कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, विधायक विनोद चमोली व अन्य गणमान्यों द्वारा दीप प्रजवलन कर की गयी। स्वागत उद्बोधन में दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने सभी नवागंतुकों छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए विश्वविद्यालय के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए आभार प्रकट किया तथा विश्विद्यालय की ओर से राज्य के शैक्षिक व सामाजिक विकास के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प किया। 

 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय को केंद्रीय लाईब्रेरी व बायोलोजिकल सांईसेज के नये भवन तथा दून विश्वविद्यालय सामुदायिक  रेडियो 88.4 एफ एम के शुभारंभ की शुभकामनाएं दी तथा नवागंतुक छात्र-छात्राओं को बधाई दी। कार्यक्रम में उन्होंने विश्वविद्यालय के लिए घोषणाएँ की, जिसमें प्रमुखतः स्कूल आॅफ लैग्वेज के स्पैनिश, जर्मन, फ्रेंच, चाईनीज, जापानी  एवं अंग्रेजी भाषा विभागों में यूजीसी के नियामकों के अनुसार शैक्षणिक पद,  सामुदायिक रेडियो के समन्वयक व तकनीकी सहायक के कुल दो पदों पर नियुक्ति के लिए स्वीकृति प्रदान की। साथ ही विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के परिवहन संबंधित परेशानी को देखते हुए दो इलैक्ट्रिक बसें विश्वविद्यालय को प्रदान करने की सहमति दी। 

उन्होंने नयी पीढ़ी को देश के प्रति समर्पित रहने और हर प्रकार से प्रयासरत रहने को कहा। उन्होंने एआई और मशीन लर्निंग जैसे विषयों पर आकादमिक रूप से आगे बढ़ने की बात की। उन्होंने शोध को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखण्ड सरकार के सदैव प्रयासरत रहने पर ज़ोर दिया। 'युवा संवाद' कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्किल डेवलपमेंट स्कीम, खटीमा जैसे दूरगामी क्षेत्रों में नये शिक्षण संस्थान बनाए जाने, रोजगार के नये अवसरों, मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए काउंसिलिंग एंव संस्थानों को बढ़ावा देने, रोड सेफ्टी तथा ट्रैफिक नियंत्रण करने के प्रयासों आदि पर सवाल किये। 

 मुख्यमंत्री ने सभी छात्र- छात्राओं के इस कार्यक्रम में सवालों के माध्यम से अपनी बात उन तक पहुंचाने की सराहना की तथा जवाब देते हुए दुर्गम क्षेत्रों में अच्छे शैक्षणिक तथा शोध संस्थानों को बढ़ावा देने और भविष्य में नये संस्थानों के निर्माण के लिए प्रयासरत रहने की बात कही। साथ ही उन्होंने उत्तराखण्ड के विकास के लिए ऐसा माॅडल तैयार करने की बात कही जिससे राज्य की इकोनॉमी तथा इकोलॉजी में सामंजस्य बना रहे। उन्होंने छात्रों से भविष्य में होने वाले त्वरित बदलावों के लिए तैयार रहने की सलाह भी दी। 

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने  विश्वविद्यालय  की आकादमिक गुणवत्ता की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय में संचालित अर्बन मैनेजमेंट कोर्स में सिटी मैनेजमेंट विषय को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने हर्ष जताते हुए  कहा कि वह राजनीति और समाजिक तौर पर वह हमेशा इसके लिए प्रतिबद्ध रहे हैं। ये एक बहुत अच्छी पहल है, इससे भविष्य में बहुत अच्छे मैनेजर तैयार होंगे जो राज्य और शहर की दिशा बदलने में सहयोग करेंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से निवेदन किया की युवाओं को आकादमिक और आध्यात्मिक रूप से सुदृढ़ होना चाहिए ताकि भारत का भविष्य सुरक्षित रहे। 

कार्यक्रम में कुलसचिव दुर्गेश डिमरी ने उपस्थित सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कार्यक्रम का संचालन प्रो. एच सी पुरोहित ने किया।

 इस अवसर पर विश्विद्यालय के सभी फैकल्टी मैंबर तथा छात्र- छात्राएँ मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें