एलुमिनी एसोसिएशन ने किया समळौंण-2026 का भव्य आयोजन
देहरादून। टूरिस्ट संदेश, 25 अक्टूबर (रविवार) एलुमिनी एसोसिएशन गवर्नमेंट पालीटेक्निक श्रीनगर गढ़वाल के तत्वावधान में एक बारातघर में पुनर्मिलन समारोह समळौंण-2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में राजकीय पालीटेक्निक श्रीनगर गढ़वाल के पूर्व छात्रों ने प्रतिभाग किया। सन् 1971 से लेकर 2025 बैच तक के पूर्व छात्रों ने इस आयोजन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव इं सुभाष चन्द्र नौटियाल ने उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत करते बैठक का एजेण्डा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि, एसोसिएशन राजकीय पालीटेक्निक श्रीनगर गढ़वाल में अध्ययनरत जरुरतमंद छात्र-छात्राओं को तकनीकी रूप से दक्ष करने के लिए, पूर्व छात्रों के अनुभवों का लाभ नये छात्रों को प्राप्त सके तथा छात्र-छात्राओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी एलुमिनी एसोसिएशन प्रयासरत है। भविष्य में जो युवा स्टार्टअप के माध्यम से आगे बढ़ना चहाते हैं उनके लिए सीड फण्डिंग तथा इन्वेस्टमेंट की व्यवस्था के लिए भी एलुमिनी एसोसिएशन धरातलीय प्रयास कर रहा है। इसी उद्देश्य को दृष्टिगत रखते हुए पुनर्मिलन समारोह समळौंण-2026 का आयोजन किया गया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष इं दिवाकर धस्माणा ने उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि, राजकीय पालीटेक्निक श्रीनगर गढ़वाल में एसोसिएशन मार्च-2027 तक स्मार्ट क्लास स्थापित करेगा, साथ ही अन्तिम वर्ष में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए कैम्पस प्लेसमेंट के लिए प्रयास किए जाएंगे। जो अध्ययनरत छात्र-छात्राएं स्वरोजगार/ स्टार्टअप करना चहाते हैं एलुमिनी एसोसिएशन उनके लिए भी प्रयास कर रहा है। ताकि उन्हें भी कुछ मदद उपलब्ध हो सके। पुनर्मिलन समारोह में संस्थान से 50 वर्ष पूर्ण कर चुके सभी डिप्लोमा धारियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में सन् 1971 से 1976 बैच के उपस्थित सभी पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया। समारोह में वर्तमान में अध्ययनरत विद्यार्थियों के मार्गदर्शन पर जोर, पूर्व छात्रों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करते हुए संस्थान से जुड़ाव को और प्रगाढ़ बनाना, अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन, करियर विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। पूर्व छात्रों ने संस्थान के विकास में सहयोग देने तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज हित आपसी संवाद बनाए रखने तथा संवाद से समृद्धि का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर राजकीय पालीटेक्निक श्रीनगर गढ़वाल के प्रधानाचार्य एस. के. वर्मा, संयुक्त निदेशक तकनीकी शिक्षा, देवेन्द्र गिरी, पूर्व सांसद मुन्शी पाल, एसोसिएशन के उपाध्यक्ष इं वीरेन्द्र सिंह गुसांई, सहसचिव इं कमल किशोर उनियाल, कोषाध्यक्ष इं निरंजन सिंह रावत, इं हरीश नौटियाल, सतीश त्रिपाठी, अरविन्द प्रताप सिंह, गणेश मैंठाणी आदि उपस्थित थे।
मंच का संचालन इं शान्तनु शर्मा ने किया।
गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों पर झूमे पूर्व छात्र
समारोह में सांयकाल एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया था। इस सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध लोककलाकार नरेन्द्र सिंह नेगी ने बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में समा बांध दिया। उनके लोकप्रिय लोकगीतों पर पूर्व छात्र झूम उठे। संगीत, लोक संस्कृति और पुरानी यादों से सजी इस संध्या ने समारोह को यादगार बना दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें