स्वरोजगार सॉफ्ट स्किल्स की दी जानकारी
कोटद्वार। (टूरिस्ट संदेश,शुक्रवार) डॉ पीतांबर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला मे वाधवानी फाऊंडेशन एवं क्षेत्रीय कार्यालय उच्च शिक्षा, देहरादून से संयुक्त विशेषज्ञों की टीम ने महाविद्यालय में नेशनल फिनिशिंग स्कूल:एम्पलॉयबिलिटी स्किल कोर्सेज एवं करियर में इस कोर्स की उपयोगिता पर छात्र-छात्राओं के साथ उपस्थित होकर संवाद किया।
महाविद्यालय के नोडल डॉ सुरेश कुमार ने विशेषज्ञों का महाविद्यालय की ओर से स्वागत किया। उन्होंने रोजगार योग्यता कौशल और इसके कोर्सेज को समय की आवश्यकता बताया। वाधवानी स्किल प्रोग्राम के राज्य नोडल अधिकारी डॉ प्रमोद कुमार डोबरियाल ने छात्रों को स्किल प्रोग्राम की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
फाऊंडेशन के कोलकाता से आये विशेषज्ञ प्रसेनजीत बनर्जी ने फाऊंडेशन की तरफ से चलाए जा रहे छात्र हित के कार्यक्रमों विशेषतः एनएफसी: एम्पलाईेबिलिटी स्किल्स प्रोग्राम पर जोर दिया। इसके अंतर्गत उन्होंने प्लेसमेंट प्रेप फीचर की उपयोगिता को भी छात्र-छात्राओं के साथ साझा किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ डीएस नेगी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार तथा फाउंडेशन की ओर से चलाया जा रहा प्रयास अत्यंत उपयोगी व लाभप्रद है। छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि वे शैक्षणिक ज्ञान तक ही सीमित ना रहे बल्कि तकनीकी एवं रोजगार परक, कौशल को भी विकसित करें। कार्यशाला में महाविद्यालय की फाऊंडेशन से प्रशिक्षित फैकल्टी सदस्य डॉ ऐश्वर्या राणा ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए उपयोगी प्रेरणादायक व सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में डॉक्टर तृप्ति दीक्षित ने कौशल विकास की महत्ता के बारे में जानकारी दी। इस अवसर कौशल विकास समिति के अन्य सदस्य डॉ जितेंद्र, दिवाकर तथा डॉ हिमांशु उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें