श्रद्धा भाव से मनाया करगिल विजय दिवस
कोटद्वार। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार के प्रांगण में कारगिल विजय दिवस पूर्ण श्रद्धा के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ) डी. एस. नेगी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों के अदम्य साहस, बलिदान एवं देशभक्ति की भावना को नमन किया तथा छात्रों को राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। प्रभारी एन.सी.सी. अधिकारी डॉ. विनोद सिंह ने भी अपने संबोधन में कारगिल विजय की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए युवा पीढ़ी को देश की रक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान कारगिल विजय दिवस पर आधारित निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. जितेन्द्र सिंह, डॉ. मनीषा सिंह, डॉ. मनीष डंगवाल, डॉ संदीप कुमार, डॉ. श्रद्धा सिंह सहित अन्य प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, एन.सी.सी. कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया। महाविद्यालय परिवार ने कारगिल के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए यह संकल्प लिया कि उनके बलिदानों को सदैव स्मरण रखा जाएगा तथा देश की सेवा में सदैव तत्पर रहेंगे। सभी उपस्थित जनों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा भारत माता की जय के उद्घोष के साथ समारोह का समापन हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें