बीडीसी बैठक में गूंजा 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' का मुद्दा - TOURIST SANDESH

Breaking

बुधवार, 29 अप्रैल 2026

बीडीसी बैठक में गूंजा 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' का मुद्दा

 बीडीसी बैठक में गूंजा 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' का मुद्दा

 

विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित


ब्लाक प्रमुख ने लगाये विपक्ष पर गम्भीर आरोप 



पौड़ी(बुधवार, टूरिस्ट संदेश)। विकास खंड पौड़ी के सभागार में ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी की अध्यक्षता में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा की गयी। बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया। पौड़ी ब्लॉक प्रमुख ने संसद में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' (महिला आरक्षण विधेयक) को पारित न होने पर विपक्षी दलों द्वारा उत्पन्न की गई बाधाओं पर गहरा रोष व्यक्त किया।

बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में महिलाओं को उनका वास्तविक अधिकार दिलाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम था। किंतु, दुर्भाग्यपूर्ण है कि, कुछ विपक्षी दलों ने अपने संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थों के कारण इस ऐतिहासिक विधेयक की राह में रोड़े अटकाए।

 बैठक में उपस्थित सत्ता पक्ष के सदस्यों ने एकजुट होकर संसद में विपक्षी दलों के नकारात्मक व्यवहार की कड़ी निंदा की तथा निंदा प्रस्ताव पारित किया। बैठक में सत्ता पक्ष के सदस्यों ने हाथ उठाकर इस निंदा प्रस्ताव का समर्थन किया तथा संकल्प लिया कि वे गांव-गांव जाकर जनता को विपक्ष की इस विकास विरोधी सोच से अवगत कराएंगे।

 ब्लाक प्रमुख अस्मिता नेगी ने कहा, विपक्ष ने केवल एक विधेयक का विरोध नहीं किया है, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं की आकांक्षाओं और उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर प्रहार किया है।

बैठक में सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कहा कि, महिलाओं को नीति-निर्धारण में समान भागीदारी मिलना समय की मांग है, जिसे विपक्ष पचा नहीं पा रहा है।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, ज्येष्ठ प्रमुख अर्चना तोपाल, प्रधान संगठन के अध्यक्ष हरिमोहन जुयाल, पौड़ी विकास खंड के क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें