भाषण प्रतियोगिता में अंशिका बुड़ाकोटी रही प्रथम
कृष्णकांत कुकरेती द्वितीय एवं आंचल कुकरेती ने प्राप्त किया तृतीय स्थान
कोटद्वार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार के बी जे एम सी विभाग द्वारा टी आर पी की दौड़ में गिरती पत्रकारिता विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के प्रारंभ में बी जे एम सी विभाग के प्राध्यापक चक्रधर कंडवाल ने पत्रकारिता मे कम्युनिकेशन के प्रभाव पर जानकारी दी। बीजेएमसी के छात्र कृष्णकांत कुकरेती ने अपने भाषण में ऑनलाइन जर्नलिज्म विषय पर विस्तार से चर्चा की। छात्र सुजल ने यूट्यूब चैनल तथा फेसबुक इंस्टाग्राम के माध्यम से लोकप्रिय होती जा रही पत्रकारिता पर प्रकाश डाला।
बीजेएमसी के छात्र आयुष धस्माना ने कहा कि आजकल पाठक प्रतिदिन अखबार पढ़ने की बजाय ऑनलाइन एवं डिजिटल माध्यमों से प्राप्त समाचारों की ओर शिफ्ट होते जा रहे हैं। छात्रा आंचल कुकरेती ने कहा कि आजकल कुछ पत्रकार अपनी जिम्मेदारियां भूलते जा रहे हैं और समाज के प्रति अपना कर्तव्य नहीं निभा रहे हैं। लोग झूठ और सच में अंतर करना भूलते जा रहे हैं, जिससे लोगों की सोच प्रभावित होती जा रही है। बीजेएमसी छात्रा अंशिका बुड़ाकोटी ने कहा कि कई न्यूज़ चैनल अब सही चीजों को दिखाने के स्थान पर भ्रामक एवं झूठी खबरें ज्यादा दिखा रहे हैं। वह पेड न्यूज़ पर ज्यादा फोकस कर रहे हैं, जिससे सही खबरें जनता के सामने नहीं आ पा रही हैं।
भाषण प्रतियोगिता में अंशिका बुड़ाकोटी ने प्रथम कृष्णकांत कुकरेती ने द्वितीय एवं आंचल कुकरेती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डी एस नेगी ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल टीआरपी बढ़ाना नहीं बल्कि समाज को सही दिशा देना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए तथा न्यूज़ चैनलों को सच्चाई एवं गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए।
इस अवसर पर बी जे एम सी विभाग प्रभारी डॉ० एस० के० गुप्ता ने कहा कि अधिकांश न्यूज़ चैनल टी आर पी बढ़ाने की दौड़ में लगे हुए हैं और जनता को झूठी एवं भ्रामक खबरें परोस रहे हैं, जिससे एक ओर तो पत्रकारिता का स्तर लगातार गिरता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जनता की मूलभूत समस्याओं से संबंधित खबरें पीछे छूटती जा रही। झूठी खबरों के चक्कर में लोगों में भ्रम फैल रहा है एवं कई बार लोग हड़बड़ा कर गलत निर्णय ले बैठते हैं। उन्होंने कहा कि टी आर पी बढ़ाना गलत नहीं है, लेकिन यह पॉजिटिव तरीके से होना चाहिए।
इस अवसर पर बीजेएमसी प्राध्यापक अरविंद दुदपुड़ी ने टीआरपी बढ़ाने के चक्कर में मीडिया द्वारा द्वारा किए जाने वाले अनैतिक कार्यों पर चिंता जाहिर की। कार्यक्रम में अनुपम भारद्वाज ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
भाषण प्रतियोगिता का संचालन बीजेएमसी की छात्रा कुमारी अंशिका बुड़ाकोटी द्वारा किया गया। इस अवसर पर सुजल नेगी, आयुष, आंचल कुकरेती, कृष्णकांत, शुभम राजपूत, मोहम्मद मुदस्सिर, सुधांशु देवरानी, आस्था, स्नेहा गोसाई, दिव्यांशी, आदि छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें