शिक्षक सुन्दर लाल जोशी को मातृभाषा मानद उपाधि सम्मान
कोटद्वार। शिक्षक सुन्दर लाल जोशी को नेपाल की सामाजिक संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन द्वारा मातृभाषा मानद उपाधि सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें मातृभाषा में उनके उल्लेखनीय योगदान में लिये दिया गया है। उल्लेखनीय है कि, श्री जोशी साहित्यकार, समाजसेवी, पर्यावरणविद, नाटककार, व्यंग्यकार, अंगदान प्रेरक और राजकीय सेवा में सेवारत शिक्षक हैं। नेपाल में कार्यक्रम आयोजक आनंद गिरि मायालु ने बताया कि हमारा उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्वतजनों को उनके शोभनीय कृतित्व के लिए न सिर्फ, अन्तर्राष्ट्रीय सम्मान मंच प्रदान करना है बल्कि उन्हें सामाजिक प्रेरक के रूप में उनके उच्चादर्शों को समाज के सामने लाना है। आनरेरी डॉक्टरेट अवार्ड से विभूषित व्यक्तित्व सुन्दर लाल जोशी ने बताया कि इस प्रकार के सम्मान से सम्मानित होने वाले लोगों के सामाजिक सेवा के उत्तरदायित्व और भी बढ़ जाते हैं। इस प्रकार के सम्मान उन्हें उत्कृष्ट सामाजिक सकारात्मक सोच निर्मित करने के सहायक होते हैं। साथ ही ऐसे लोग सामाजिक प्रेरणा स्रोत होने के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में भी सफल होते हैं। स्वदेश की संस्कृति और भाषाई संरक्षण और संवर्द्धन के लिए इस प्रकार के प्रयास निरंतर होते रहने चाहिए। साथ ही इस प्रकार के कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता नजर आती है। वैसे भी देश विदेश के ख्याति प्राप्त साहित्यकारों समाज सेवियों और पर्यावरणविदों को एक मंच पर लाने के ये प्रयास निश्चित रूप से जन मन हितैषी होंगे। इस प्रकार के स्तुल्य प्रयासों से वसुधैव कुटुम्बकम की भावना और सर्वे भवन्तु सुखिनः की कामना बलवती होगी। उनके सम्मानित होने पर साहित्य जगत के अनेक विद्वानों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें