छात्र-छात्राओं के कल्याण के लिए जारी रहेंगे प्रयास - दिवाकर धस्माणा, अध्यक्ष, जीपीएस एल्युमिनी
देहरादून। शुक्रवार को जिला पंचायत, देहरादून में जीपीएस एल्युमिनी की एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एल्युमिनी से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गयी। बैठक में एल्युमिनी के सचिव सुभाष चन्द्र नौटियाल ने बैठक का ऐजेण्डा रखते हुए कहा कि, सात मार्च को राजकीय पालीटेक्निक श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित मीट में पालीटेक्निक स्टाफ तथा एल्युमिनी के मध्य पांच विषयों को लेकर सहमति बनी थी। जिसमें एल्युमिनी द्वारा छात्रों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण करवाने, जाॅब प्लेसमेंट कार्यक्रम आयोजित करने, सिविल लैब को एनएबीएल सर्टिफाइड करवाने, छात्रों के कल्याण हेतु प्रयास करने तथा बालिका छात्रावास को एनआईटी से खाली करवाने के लिए सहयोग उपलब्ध करवाने पर सहमति बनी थी। इस दिशा में निरन्तर प्रयास जारी हैं। बालिका छात्रावास खाली हो चुका है तथा इस वर्ष से पालीटेक्निक में अध्ययनरत छात्राएं इस छात्रावास में रह सकती हैं। जाॅब प्लेसमेंट के लिए भी विभिन्न स्तरों पर प्रयास किये गये जिसके सकारात्मक परिणाम रहे हैं तथा इस प्रकार के प्रयास आगे भी निरन्तर जारी रहेंगे। सिविल लैब को एनएबीएल सर्टिफाइड करवाने के लिए भी प्रयास जारी हैं। इस सम्बन्ध में एल्युमिनी के अध्यक्ष दिवाकर धस्माणा की देखरेख में सर्टिफाइड करवाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। अध्यक्ष दिवाकर धस्माणा ने कहा कि, राजकीय पालीटेक्निक श्रीनगर गढ़वाल में अब प्रधानाचार्य सरिता कटियार के स्थान पर नये प्रधानाचार्य एस के वर्मा ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। आगे बढ़ने से पूर्व नये प्रधानाचार्य एस के वर्मा के विचार जानना आवश्यक है। उनके विचारों को जानने के लिए शीघ्र ही नये प्रधानाचार्य से समय लेकर उनके साथ एक बैठक आहूत की जायेगी। उन्होंने ने संस्थान के पूर्व छात्र तथा उद्योगपति गणेश मैठाणी द्वारा छात्र-छात्राओं के कल्याण के लिए एल्युमिनी को एक लाख एक हजार देने की घोषणा के लिए गणेश मैठाणी का पुनः धन्यवाद ज्ञापित किया। गणेश मैठाणी द्वारा छात्र-छात्राओं के हित में किये जा रहे प्रयासों को शानदार बताते हुए प्ररेणा लेने पर जोर दिया। उन्होंने बैठक में कम उपस्थिति के लिए भी खेद व्यक्त किया साथ ही आशा की व्यक्त कि, संस्थान के गौरव के लिए आगे होने वाली आयोजित बैठकों में बड़ी संख्या में सम्मानित सदस्यगण प्रतिभाग करेंगे।
बैठक में एल्युमिनी के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र गुसांई ने राजकीय पालीटेक्निक श्रीनगर गढ़वाल में एआई सहित आधुनिक तकनीकी से सम्बन्धित सभी पुस्तकों को समाहित करते हुए एक अत्याधुनिक पुस्तकालय खोलने का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इसके लिए एल्युमिनी के सभी सदस्यों की सहायता ली जायेगी।
बैठक में एल्युमिनी रजिस्ट्रेशन का कार्य देख रहे राजीव बड़थ्वाल ने बैठक में आनलाइन प्रतिभाग करते हुए जानकारी दी कि, जीपीएस एल्युमिनी रजिस्ट्रेशन का कार्य प्रगति पर है तथा अगले महीने अगस्त तक रजिस्ट्रेशन का कार्य पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि, 7 मार्च 2025 को राजकीय पालीटेक्निक श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित एल्युमिनी मीट में लगभग 78,000 हजार का खर्च हुआ। एल्युमिनी के सदस्यों के सहयोग से आयोजित इस मीट में अभी लगभग दो हजार रूपये की धनराशि अवशेष हैं। जो कि, एल्युमिनी के अन्य कार्यों पर खर्च की जायेगी।
बैठक में इं. हरीश नौटियाल, इं. विनोद डंगवाल, इं. सतीश त्रिपाठी तथा आनलाइन इं. राजीव काला उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें