प्रदेश सरकार कर रही है क्षेत्र की उपेक्षा - TOURIST SANDESH

मंगलवार, 10 सितंबर 2019

प्रदेश सरकार कर रही है क्षेत्र की उपेक्षा

             

प्रदेश सरकार कर रही है क्षेत्र की उपेक्षा

                                                     
               - हेमलता नेगी

कोटद्वार। नगर निगम की महापौर हेमलता नेगी एवं प्रदेश के पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने विगत दिनों भारी बारिश के चलते कुंभीचैड, लालपानी, कोटडीढांग सनेह क्षेत्र  में आयी दैवीय आपदा के नुकसान का जायजा लिया। महापौर एवं पूर्व मंत्री  ने ग्रामीणों से समस्या का समाधान करने का भरोसा दिया है। 
विगत दिनों आयी भारी बारिश से कुंभीचैड क्षेत्र में जामुन स्रोत में आयी बाढ से लोगों के घरों की सुरक्षा दीवार सहित खेतों की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गयी थी, तथा घरों की सुरक्षा दीवार के क्षतिग्रस्त हो जाने से लोगों के मकानों के क्षतिग्रस्त होने का भी खतरा बना हुआ है। महापौर हेमलता नेगी एवं पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने प्रदेश सरकार एवं क्षेत्रीय विधायक पर लगातार क्षे़त्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि विगत दो सालों से क्षेत्र में लगातार दैवीय आपदा से बाढ सुरक्षा दीवार सहित किसानों के खेत बह गये है, लेकिन प्रदेश सरकार के द्वारा अभी तक बाढ सुरक्षा के इंतजाम नहीं किये है, और न ही क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत के लिए पैसा दिया है, जिससे स्थिति जस की तस बनी हुई है। पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि दैवीय आपदा से लालपानी, सनेह कोटडीढांग क्षेत्र में सम्पर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गये, किसानों के खेतों में मलवा भर जाने से खड़ी फसल बर्बाद हो गयी है, पेड पौधों को खासा नुकसान हुआ है।  साथ ही सिंचाई नहरों की भी सफाई न होने से किसानों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जहां दैवीय आपदा के प्रभावितों को उनके द्वारा तत्काल मद्दत दी गयी थी, वहीं सिंचाई नहरों की मरम्मत के लिए साढे पांच करोड़ स्वीकृत करवाये गये थे, लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार के सत्ता में आते ही विकास कार्यो को ठप कर दिया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से दैवीय आपदा के नुकसान की तत्काल भरपाई करने की मांग की है। इस मौके पर पार्षद अनिल रावत, यशपाल सिंह, कीर्ति सिंह, जयपाल, गोविंद, बीरेन्द्र सिंह राजन, कृपाल सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।   

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें