प्रो. संगीता गुप्ता, संयुक्त निदेशक ने किया राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का निरीक्षण
कोटद्वार। उच्च शिक्षा क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून की संयुक्त निदेशक प्रो. संगीता गुप्ता द्वारा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं, विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली तथा उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया। साथ ही विभागों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में प्राध्यापकों से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक ने महाविद्यालय के विभिन्न विभागों में जाकर विभागीय गतिविधियों, शैक्षणिक कार्यों, उपलब्ध सुविधाओं तथा आवश्यक संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विभागाध्यक्षों एवं प्राध्यापकों से संवाद कर विभागों के सुचारु संचालन में आने वाली समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक अपने-अपने विभागों में उपस्थित रहे तथा उन्होंने पूछी गई जानकारियों से संयुक्त निदेशक को अवगत कराया।
संयुक्त निदेशक ने महाविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन हॉस्टल का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के महत्व पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय के मुख्य कार्यालय, पुस्तकालय तथा उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने महाविद्यालय में अध्ययन-अध्यापन के वातावरण को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी. एस. नेगी ने संयुक्त निदेशक को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों, विभागीय व्यवस्थाओं तथा निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक एवं संबंधित कर्मचारी सहित मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनीता धस्माना, वरिष्ठ व्यक्तिक सहायक, जयबीर सिंह आदि उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें