कण्वनगरी संस्कारशाला के तहत बीजीयू में हुआ भाषण प्रतियोगिता आयोजन - TOURIST SANDESH

Breaking

गुरुवार, 16 अप्रैल 2026

कण्वनगरी संस्कारशाला के तहत बीजीयू में हुआ भाषण प्रतियोगिता आयोजन

 कण्वनगरी संस्कारशाला के तहत बीजीयू में हुआ भाषण प्रतियोगिता का आयोजन 


कोटद्वार। (टूरिस्ट संदेश, बुधवार) टूरिस्ट संदेश फाॅउण्डेशन तथा भगवंत ग्लोबल विश्वविद्यालय कोटद्वार के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिकुलपति, प्रोफेसर (डॉ.) पी.एस.राणा की अध्यक्षता में 'समृद्ध राष्ट्र के लिए संस्कार युक्त, नशामुक्त युवा' विषय पर एक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कण्वनगरी संस्कारशाला के तहत संवाद से समाधान कार्यक्रम के संयोजक सुभाष चन्द्र नौटियाल तथा काॅलेज में एंटी ड्रग क्लब के नोडल अधिकारी कमल जोशी के संयोजन में आयोजित इस भाषण प्रतियोगिता के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार नागेन्द्र उनियाल तथा विशिष्ट वक्ता प्रकाश कोठारी एवं सर्वोदयी डॉ सुरेन्द्र लाल आर्य थे। भाषण प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बीटेक. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा कुमारी सारा, द्वितीय स्थान बीएससी नर्सिंग चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा कुमारी नन्दिनी राणा तथा तृतीय स्थान कुमारी पलक कुकरेती बीटेक. प्रथम सेमेस्टर ने हासिल किया। 

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रोफेसर (डॉ.) पी.एस.राणा ने आयोजन की महत्ता प्रकाश डालते हुए कहा कि, संस्कार से ही संस्कृति का निर्माण होता है। यदि हमारे युवा संस्कारयुक्त होंगे तो निश्चित रूप से हमारे युवा नशामुक्त रहेंगे तथा संस्कार युक्त, नशामुक्त युवा एक श्रेष्ठ राष्ट्र का निर्माण करेंगे। युवाओं को संस्कारवान बनाने के लिए हम सब को सामूहिक प्रयास करने होंगे। मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार नागेन्द्र उनियाल ने कहा कि, हमें हमारे युवाओं को संस्कारवान बनाने के लिए युवा मनोविज्ञान को समझने की आवश्यकता है। हमारा राष्ट्र उन्नति के पथ पर तभी अग्रसर हो सकता है जब हमारे युवा संस्कार युक्त, नशामुक्त जीवनशैली अपनायेंगे इसके लिए युवाओं के मनोविज्ञान को समझने आवश्यकता है ताकि उन्हें संस्कारवान तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाया जा सके। विशिष्ट वक्ता प्रकाश कोठारी, सुरेन्द्र लाल आर्य तथा राजेन्द्र पंत ने बच्चों को संस्कारवान बनाने के लिए माता-पिता को नशामुक्त रहने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है तभी हमारा समाज संस्कार युक्त, नशामुक्त हो सकता है।  भाषण प्रतियोगिता के निर्णायक डॉ सुन्दर लाल जोशी, सुमन मैन्दोला तथा शशि रावत थे। कार्यक्रम का संचालन ज्योति नेगी ने किया।

कार्यक्रम के अन्त में अरविन्द दुदपुड़ी ने उपस्थित सभी सम्मानित जनों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में संस्कार युक्त नशामुक्त जीवन के लिए विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो.(डॉ) पी.एस.राणा ने उपस्थित सभी जनों की प्रतिज्ञा करवायी।

इस अवसर पर एस.एन.नौटियाल, डॉ हर्षित शर्मा आदि गणमान्य लोगों के साथ ही विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें