तारामण्डल और माउन्टेन म्यूजियम की स्थापना के लिए भूमि पूजन - TOURIST SANDESH

Breaking

शुक्रवार, 15 मार्च 2024

तारामण्डल और माउन्टेन म्यूजियम की स्थापना के लिए भूमि पूजन

 तारामण्डल और माउन्टेन म्यूजियम की स्थापना के लिए भूमि पूजन 

पौड़ी।राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी तथा सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड सरकार द्वारा पौड़ी में तारामण्डल तथा माउन्टेन म्यूजियम की स्थापना के लिए रांसी स्टेडियम में भूमि पूजन तथा अधारशिला रखी गयी।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महराज तथा राज्य सभा सदस्य अनिल बलूनी ने सम्बन्धित अधिकारियों से तारामण्डल और माउण्टेन म्यूजियम प्रोजेक्ट के प्रगति की जानकारी लेते हुए इसके निर्माण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण करने को कहा।

 तारामण्डल और माउण्टेन म्यूजियम मूल रूप से पर्यटन विभाग की योजना है। लोक निर्माण विभाग इसकी कार्यदायी संस्था है तथा वन विभाग व स्थानीय वन पंचायत के समन्वय से इसको आकार में लाया जायेगा। यह परियोजना मूलरूप से 20.98 करोड़ रूपये की लागत से तैयार होनी है तथा भविष्य में आवश्यकता के अनुरूप धनराशि में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है तथा शीघ्र ही निर्माण सम्बन्धित अन्य औपचारिकताएं शुरू की जायेगी। 


   रामलीला मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर माननीय राज्यसभा सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि इस परियोजना के आकार लेने के पश्चात संपूर्ण गढ़वाल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। खगोल प्रेमियों के लिए यह आकर्षक स्थल बनकर उभरेगा। विद्यार्थियों के लिए भी जिज्ञासा का केंद्र बनेगा तथा इन सबसे इस क्षेत्र की आर्थिकी में बड़ा सकारात्मक बदलाव आयेगा। उन्होंने कहा कि परियोजना को पूर्ण करने के लिए किसी भी प्रकार से धनराशि की कमी नहीं होने दी जायेगी।

     इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि तारामण्डल और माउण्टेन म्यूजियम के साथ-साथ एक बड़ी लाइब्रेरी और मल्टी परपज हॉल भी निर्मित होगा। इसके लिए भूमि का हस्तांतरण भी हो चुका है। यह चारधाम यात्रियों को आकर्षित करने का बड़ा माध्यम बनेगा।

 इस दौरान अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का अवलोकन भी किया।

   इस अवसर पर पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी व रूद्रप्रयाग भरत चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, पूर्व विधायक मुकेश कोहली, शैलेन्द्र रावत, राज्य गौसेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अण्थवाल, जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें